...

अब चुनाव लडऩे का सपना पालने लगे आलोक

मई 2020 को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष व्हीडी शर्मा ने सिवनी जिले के युवा आलोक दुबे को इसलिए अध्यक्ष बनाया था ताकि वह अपनी ऊर्जा संगठन को मजबूत करने में लगाएं। राजनीति में अक्सर कहा जाता है की नेताओ की महत्वाकांक्षा कभी खत्म नहीं होती ऐसा ही कुछ जिला भाजपा के अध्यक्ष आलोक दुबे के साथ हो रहा है। जब आलोक दुबे जिला भाजपा के अध्यक्ष बने थे तब जिला भाजपा कार्यालय में उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन जैसे-जैसे उनका कार्यकाल बढ़ता जा रहा है वैसे वैसे उनके सपनों में पर लगते जा रहे है।
सूत्र बताते हैं कि जिला भाजपा के अध्यक्ष आलोक दुबे विधानसभा चुनाव लडऩा चाहते हैं और उनकी नजर सिवनी के अलावा केवलारी विधानसभा सीट में भी लगी हुई है। चूंकि आलोक दुबे ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से छात्र राजनीति की शुरुवात किया था। जमीनों के कारोबार से जुड़े आलोक दुबे ने सपने में भी नही सोचा था कि उन्हें जिला भाजपा अध्यक्ष बनने का मौका मिलेगा।
आलोक दुबे की किस्मत उस समय चमक गई जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कमान व्हीडी शर्मा को मिली जिन्होंने प्रबल दावेदारों को दरकिनार करते हुए अपने करीबी आलोक दुबे को सिवनी जिला भाजपा की कमान सौंपते हुए राजनीतिक जमीन तैयार करने का एक बेहतर मौका दिया। उम्मीद की जा रही थी कि जिला भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद चुनाव नहीं लडऩे की घोषणा करने वाले आलोक दुबे निष्पक्ष होकर काम करेंगे और जिले में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करते हुए गुटबाजी को खत्म करने का प्रयास करेंगे लेकिन अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने भावनाओं में बहकर घोषणा तो कर दिया था लेकिन धीरे-धीरे उनकी घोषणा ठंडे बस्ते में चले गई और उन्होंने जमीनों के कारोबार के साथ साथ राजनीतिक जमीन मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाकर विधानसभा चुनाव लडऩे का सपना पाल लिया। हालांकि आलोक दुबे ने अपनी तरफ से यह स्पष्ट नहीं किया कि वह चुनाव लडऩा चाहते हैं लेकिन उनके करीबी यह स्पष्ट कर चुके हैं कि आलोक दुबे चुनाव लड़ेंगे और जिस तरह व्हीडी शर्मा ने उन्हें जिला भाजपा का अध्यक्ष बनाया है उसी तरह  व्हीडी शर्मा के रहते आलोक दुबे को विधानसभा की टिकट भी मिल सकती है।
मुनमुन राय के विरोधियों की बैठक में भी होते है शामिल
किसी भी संगठन के जिला अध्यक्ष पार्टी के मुखिया कहलाते है जिन्हे गुटबाजी से दूर ही रहना चाहिए । भाजपा के जिला अध्यक्ष आलोक दुबे इन दिनों भाजपा के मुखिया है लेकिन वह गुटबाजी को हवा देने के लिए आयोजित बैठकों का हिस्सा बनते रहते हैं सूत्र बताते हैं कि कुछ दिन पहले लूघरवाड़ा में स्थित एक नवनिर्मित होटल में भारतीय जनता पार्टी के कुछ स्थापित नेताओं की बैठक आयोजित की गई थी जिसमें सिवनी विधानसभा क्षेत्र से मुनमुन राय के अलावा किसी को भी टिकट दिए जाने की बात चल रही थी उस समय संकल्प हमारा- विकल्प तुम्हारा के उद्देश्य की पूर्ति के लिए चिंतन और मनन भी किया गया था तब सिवनी जिला भाजपा के अध्यक्ष आलोक दुबे भी उस बैठक का हिस्सा बने थे। सूत्र बताते हैं कि आलोक दुबे भी चाहते हैं कि किसी तरह सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन का विरोध चरम पर पहुंच जाए और विरोध के चलते उनकी टिकट में खतरे का बादल मंडराने लगे जिसका फायदा उन्हें मिल सके। यही कारण है कि आलोक दुबे संगठन से लेकर अन्य नियुक्तियों में दिनेश राय मुनमुन की पसंद और नापसंद का ख्याल रखे बिना नियुक्तियां करवा रहे हैं।