...

मुनमुन राय की रैली में शामिल होने वाले लखनादौन के मकबूल शाह ने फिर भरा नामांकन

सिवनी विधानसभा से एक बार फिर वोट कटवाने के लिए कुछ निर्दलीय लोगों को मैदान में उतर गया है जिनमें लखनादौन निवासी मकबूल शाह भी शामिल है जो पिछला चुनाव भी लड़ चुके है और जिनकी जमानत तक जप्त हो गई थी। बताया जाता है की भगत सिंह वार्ड क्रमांक 12 लखनादौन निवासी मकबूल शाह ने 30 अक्टूबर को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।
2018 के विधानसभा में भी निर्दलीय लड़ा था चुनाव
लखनादौन निवासी मकबूल शाह ने 2018 का विधानसभा चुनाव भी निर्दलीय लड़ा था तब उनकी जमानत जप्त हो गई थी। 2018 के विधानसभा चुनाव में मकबूल शाह को 2536 वोट मिले थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में सिवनी विधानसभा से 05 मुस्लिम प्रत्याशी थे जिन्हें सिर्फ 7229 वोट ही मिले थे। वर्तमान में 04 मुस्लिम प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किया है जिनमे लखनादौन के मकबूल शाह, ध्यानचंद वार्ड की शबाना खान, कंडीपार के शादाब पटेल एवं भगत सिंह वार्ड के मुनव्वर रजा शामिल है।
अपने आपको मुनमुन का करीबी बताते है मकबूल शाह
सिवनी विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लडऩे वाले मकबूल शाह अपने आप को दिनेश राय मुनमुन का करीबी बताते हैं। 27 अक्टूबर को जब दिनेश राय मुनमुन की नामांकन रैली थी तब मकबूल शाह लखनादौन से रैली में शामिल होने के लिए सिवनी पहुंचे थे और मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा था कि वह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता होने के नाते सिवनी पहुंचे हैं उन्होंने यह भी कहा था कि इस सिवनी विधानसभा से दिनेश राय मुनमुन जीतेंगे 27 अक्टूबर तक दिनेश राय मुनमुन की रैली में पहुंचे मकबूल शाह ने 30 अक्टूबर को निर्दलीय पर्चा भरा जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही है कि कहीं मकबूल शाह को चुनावी मैदान में खड़ा करने के लिए दिनेश राय मुनमुन और उनके समर्थकों ने मुस्लिम वोट काटने की रणनीति के तहत एक बार फिर लखनादौन से सिवनी बुलाकर चुनाव मैदान में तो नहीं उतारा? वैसे हम याद दिला दें कि दैनिक महाकौशल एक्सप्रेस ने भाजपा से जुड़े अल्पसंख्यक नेता निर्दलीय चुनाव लडऩे की तैयारी शीर्षक से समाचार प्रकाशित करते हुए उल्लेख किया था कि सिवनी विधानसभा से कुछ ऐसे मुस्लिम चेहरों को मैदान में उतारा जा सकता है जो भाजपा से जुड़े है और कुछ हद तक मुस्लिम वोट काट सकते है। सूत्र बताते है कि जिन 04 मुस्लिमो ने निर्दलीय फॉर्म भरा है उनमें दो लोगो के परिवार के सदस्य भाजपा से जुड़े हुए है।