...

नगर परिषद केवलारी के लिए सिरदर्द बने अध्यक्ष पति देवीसिंह बघेल

सिवनी महाकौशल। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले केवलारी नगर परिषद के लगभग आधा दर्जन पार्षदों ने नगर परिषद की निष्क्रिय कार्यप्रणाली को लेकर मोर्चा खोल लिया है। गत दिवस पार्षदों ने एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए उन्हें अवगत कराया कि यदि समय सीमा के भीतर नगर परिषद केवलारी की समस्याओं का समाधान नहीं होता तो 22 सितंबर शुक्रवार को दोपहर 2.00 बजे अवंती बाई चौक (चांदनी चौक) पर नगर परिषद के पार्षदों एवं आम नागरिकों के द्वारा धरना प्रदर्शन कर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।  ज्ञापन सौंपने वाले पार्षदों का कहना है कि नगर परिषद के गठन हुए 01 साल बीत गया बावजूद इसके अभी तक नगर के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही है नगर परिषद कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। पार्षदों के द्वारा आय व्यय का लेखा-जोखा मांगने पर भी संबंधित अधिकारियों के द्वारा लेखा-जोखा नहीं दिया जाता। बताया जाता है कि 01 साल के बाद भी नगर परिषद केवलारी विकास के नाम से एक काम नहीं कर पाई, वार्ड के पार्षदों ने वार्ड के लोगों से वादा किया था कि पार्षद बनने के बाद वह वार्ड के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे लेकिन नगर परिषद की चल रही मनमर्जी के चलते वार्ड के लोगों को भी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही।
अध्यक्ष पति की चल रही तानाशाही
केवलारी नगर परिषद में वरिष्ट भाजपा नेता देवीसिंह बघेल की धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता बघेल मात्र 01 वोट से अध्यक्ष का चुनाव जीती थी। पत्नी के चुनाव जीतने के बाद देवीसिंह बघेल विधायक प्रतिनिधि बन गए और उन्होंने नगर परिषद के कामों में दखल देना शुरू कर दिया। बताया जाता है की सुनीता बघेल से ज्यादा उनके पति देवी सिंह बघेल केवलारी नगर परिषद में तानाशाही चलाते है जिसके कारण नगर के वही काम हो रहे है जिससे देवीसिंह बघेल और उनके परिजनों को फायदा हो रहा है बाकी काम ठप पड़े है। बताया जाता है कि एक साल के भीतर नगर परिषद केवलारी ने भी भ्रष्टाचार का कीर्तिमान स्थापित किया है जिसका फायदा नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता बघेल और उनके पति देवीसिंह बघेल ने ही उठाया है।
नगर परिषद केवलारी में अध्यक्ष पति देवीसिंह बघेल की तानाशाही के कारण अवरुद्ध हुए विकास कार्य के लिए केवलारी के वार्ड क्र. 08 के पार्षद स्वराज बघेल, वार्ड क्र. 12 के नीरज ठाकुर,वार्ड क्र. 11 से श्रीमती अनसुइया सुरेंद्र साहू,वार्ड क्र. 05 से राममिलन कुर्वेती, वार्ड 03 से मिथलेश तेकाम, वार्ड 07 से राजकुमारी उईके,वार्ड 04 से सेवक साहू विरोध में नजर आ रहे है। पार्षदों ने एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि यदि 10 दिन के भीतर उनकी मांग नही मानी गई तो 22 सितम्बर से अवंती बाई चौक(चांदनी चौक) में नगर परिषद के पार्षदों और गणमान्य नागरिक धरना प्रदर्शन करते हुए नगर परिषद का घेराव करेंगे।