...

जलसंकट पर कांग्रेस ने निकाली रैली, एसडीएम कार्यालय का घेराव किया

परासिया(नवदुनिया न्यूज)। क्षेत्र में गंभीर जल संकट को लेकर पूर्व निर्धारित ब्लाक कांग्रेस कमेटी का धरना आंदोलन गुरुवार को तपती धूप में संपन्न हुआ। दोपहर को कार्यकर्ता रैली निकालते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव करते हुए धरना प्रदर्शन किया। जिसमें नगर की बिगड़ती जल व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है।

धरना आंदोलन विधायक सोहन वाल्मीकि एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया गया। दोपहर 12:00 से तपती धूप में पेंच स्टाफ क्लब परिसर से कार्यकर्ता रैली के निकालते हुए परासिया एसडीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदेश की भाजपा सरकार की गलत नीतियों को दोषी ठहराते हुए जल संकट गहराने का आरोप लगाया। परासिया,चांदामेटा, न्यूटन, बड़कुही नगर सहित ग्रामीण इलाके अम्बाड़ा इकलहरा भाजीपानी में भीषण जल संकट है। जहां से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष आंदोलन में शामिल हुए। जिन्होंने पेंच स्टाफ क्लब परासिया से रैली के दौरान प्रदेश सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की गई। अनुविभागीय अधिकारी को एक सप्ताह में इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सम्पूर्ण विधानसभा में चक्काजाम किए जाने की बात कही गई। आंदोलन में नगर परिषद चांदामेटा अध्यक्ष गोविंद बिजौलिया, बड़कुही अध्यक्ष भारत डेहरिया, न्यूटन अध्यक्षा अनुप्रमा राय, नगर पालिका परासिया प्रतिपक्ष नेता वीर बहादुर सिंह, विवेक मिश्रा गोपालराव संभारे राजेश डेहरिया आरिफ खान सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।